बैतूल, 21 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के अंतर्गत आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर ससुन्द्रा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूल एवं स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
विद्यार्थियों से किया संवाद, जेईई-नीट की तैयारी पर दिया जोर
शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. पंडाग्रे एवं कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने प्राचार्य से स्कूल भवन निर्माण की स्थिति तथा विद्यार्थियों की दर्ज संख्या की जानकारी ली।
उन्होंने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी रुचियों, भविष्य की योजनाओं और करियर संबंधी आकांक्षाओं के बारे में जाना। विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई और भविष्य के लक्ष्य को लेकर चर्चा की गई।
विधायक एवं कलेक्टर ने शिक्षकों को विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर मार्गदर्शन देने के निर्देश दिए। उन्होंने जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ विद्यार्थियों को नियमित रूप से एमसीक्यू प्रश्न हल कराने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि विद्यार्थी समय प्रबंधन और प्रश्नों के अभ्यास के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकें।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर में स्वास्थ्य सेवाओं का लिया जायजा
आयुष्मान आरोग्य मंदिर ससुन्द्रा के निरीक्षण के दौरान विधायक डॉ. पंडाग्रे एवं कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने ओपीडी, उपलब्ध दवाइयों और चिकित्सकीय सेवाओं की जानकारी ली।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से डॉक्टरों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य केंद्र में आमजन को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
रक्तदान शिविर में 52 यूनिट रक्तदान
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित रक्तदान शिविर का भी विधायक और कलेक्टर ने अवलोकन किया। जिला ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. अंकिता सिते ने बताया कि शिविर में कुल 52 यूनिट रक्तदान हुआ।
विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने रक्तदाताओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा रक्तदान जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक कार्य में योगदान देने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 108 पौधों का रोपण
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने नवचेतना केंद्र गायत्री परिवार ससुन्द्रा में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया।
इस अवसर पर लगभग 108 पौधों का रोपण किया गया। विधायक एवं कलेक्टर ने पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ ही लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत किए गए इस निरीक्षण में शिक्षा, स्वास्थ्य, रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर एक साथ गतिविधियां आयोजित हुईं। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।